कोलारस
कोलारस थाना क्षेत्र के देहरदा सड़क गांव में शनिवार की दोपहर बगीचे में खेल रहे एक साढ़े तीन साल के मासूम बालक पर एक कुत्ते ने हमला बोलकर बुरी तरह घायल कर दिया। बता दें कि कुत्ते ने बालक के मुंह पर हमला बोलकर उसके होंठ सहित गाल का हिस्सा अपने दाँतों से काट लिया। बालक को पहले जिला अस्पताल फिर बाद में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बालक को ग्वालियर रैफर किया गया हैं।
पेशे से मजदूर राजकुमार जाटव ने बताया कि उसका साढ़े तीन साल का बेटा देव जाटव शनिवार को बगीचे में खेल रहा था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उस पर अचानक से हमला बोल दिया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते ने अपने दातों से बेटे का मुंह नोच लिया, इससे बेटे के होंठ सहित गाल का हिस्सा अलग हो गया। बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों से उसे रैफर कर दिया। राजकुमार का कहना हैं कि जिस कुत्ते ने बेटे को काटा था उस कुत्ते को पहले आस-पास कभी नहीं देखा।
राजकुमार जाटव का कहना हैं कि बेटे देव को ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। बेटे के मुंह की सर्जरी होनी हैं। इसमें एक से डेढ़ लाख रूपये का खर्चा बताया हैं। उसके तीन बेटी और दो बेटे हैं। वह मजदूरी कर जैसे तैसे अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा हैं। इतने पैसे उसके पास नहीं हैं। ऐसे में प्रशासन से कोई मदद मिले तो बेटे का उपचार संभव हो सकता हैं।