सिमर एक्सप्रेस संवाददाता पिछोर
शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पिछोर छत्रसाल स्टेडियम में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ उनकी माताओं और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में सनराइज पब्लिक स्कूल खनियाधाना की छात्रा स्मृति पांडे को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। स्मृति ने मध्य प्रदेश की प्रावीण्य सूची में नौवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। साथ ही उनकी माता अखिलेश पांडे और शिक्षक सतीश रजक को भी गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सनराइज पब्लिक स्कूल खनियाधाना को 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
इसी क्रम में पिछोर के लिटिल एंजिल पब्लिक स्कूल की सीबीएसई छात्रा अंजलि गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। अंजलि ने शिवपुरी जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है।
समारोह में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 250 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल दिए गए, जबकि 60 से 90 प्रतिशत तक अंक हासिल करने वाले करीब 4500 विद्यार्थियों को ब्रॉन्ज मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि जब उन्होंने विधायक के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी, तब क्षेत्र में शिक्षा का परिणाम करीब 35 प्रतिशत था। इसके बाद शिक्षकों और बुद्धिजीवी वर्ग के साथ चर्चा कर शिक्षा के स्तर में सुधार और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और पिछोर विधानसभा को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आगामी पांच वर्षों में पिछोर विधानसभा को नंबर वन बनाने का लक्ष्य भी बताया।
विधायक ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछोर में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत हुई है, अस्पताल का निर्माण हुआ है और औद्योगिक क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया का काम प्रारंभ हो चुका है। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। उन्होंने ग्राम पंचायतों में विकास कार्य, पानी के टैंकरों के वितरण और प्रतीक्षालय निर्माण सहित अन्य कार्यों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री भैया साहब लोधी ने विधायक प्रीतम सिंह लोधी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि ढाई वर्ष के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास एवं निर्माण कार्य कराए गए हैं।
समारोह में सांसद प्रतिनिधि पहलाद सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।